रास्ते के विवाद में चली गोली, दो लोग घायल, तनाव



नैनी, प्रयागराज (शशिकान्त मिश्र)। औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत गुरुवार को पिपरांव गांव में रास्ते व आबादी की जमीन के विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें गोली चल गई। गोली एक बुजुर्ग महिला और एक युवक को लगी है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। भुक्तभोगी ने इस संबंध में नामजद तहरीर थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र के पिपरांव गांव निवासी कमल पांडेय (45) पुत्र सुरेश पांडेय खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। उन्हीं के पट्टीदार मनमोहन पांडेय सेक्रेटरी के पद से सेवानिवृत्त हैं। दोनों पक्षों के बीच गांव में ही रास्ते और आबादी की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। गुरुवार की सुबह दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मनमोहन पांडेय, शैलेंद्र पांडेय, पुष्पराज पांडेय, कुलदीप पांडेय व पवन पांडेय लाईसेंसी असलहे एवं तमंचा लेकर कमल के घर पर चढ़ गए। इस दौरान कमल के चचेरे भाई ओम प्रकाश पांडेय आदि भी वहां पहुंच गए। विवाद के दौरान मनमोहन के पक्ष के लोगों ने असलहों से फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसमें कमल पांडेय के हाथ में और ओम प्रकाश की दादी मां सीता देवी के सीने में गोली लग गई। जिससे हड़कंप मच गया। हमलावर असलहा लहराते हुए वहां से चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इस संबंध में ओम प्रकाश पांडेय ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त कर रही है। इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि रास्ते के विवाद में दो पक्षों में गोली चली है। पीड़ित पक्ष से अभी तहरीर मिली है। एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।